
नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत युवा मंडल खेड़ा में जागरूकता अभियान, राहगीरों को पिलाया शरबत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़। मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत युवा मंडल खेड़ा में जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सौरभ तोमर ने किया।
कार्यक्रम के दौरान सौरभ तोमर ने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई और सभी से अपने जीवन में किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और समाज सेवा की दिशा में आगे बढ़ेंगे, तो भारत एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित राष्ट्र के रूप में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।”
भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम के अंतर्गत राहगीरों को ठंडा एवं मीठा शरबत भी वितरित किया गया। युवा टीम ने राहगीरों की सेवा करते हुए उन्हें गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए युवाओं के इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
सौरभ तोमर ने कहा कि “समाज सेवा केवल बड़े अवसरों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। छोटी-छोटी सेवाएं भी लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। नशा मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक युवा स्वयं जागरूक बने और दूसरों को भी जागरूक करे। मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, और युवाओं का यही समर्पण राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखेगा।”
उन्होंने यह भी बताया कि युवा मंडल की टीम आगामी दिनों में भी नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी।
इस अवसर पर मुकेश तोमर, अंकित, अभय, निखिल एवं रुद्रप्रताप तोमर सहित युवा मंडल के अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाया।
घर में है दीमक की समस्या, FREE इंस्पेक्शन के लिए करें कॉल: 8077979922
























