
धौलाना: काजीवाड़ा में ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति प्रभावित
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): धौलाना कस्बे के काजीवाड़ा मोहल्ले में स्थित मदरसे के पास रखे विद्युत ट्रांसफार्मर में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें और धुआं उठता देख स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से जुड़ी केबल लीड में अचानक चिंगारी उठी, जिसके बाद आग ट्रांसफार्मर तक पहुंच गई। कुछ ही देर में ट्रांसफार्मर पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे काजीवाड़ा सहित आसपास के कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विद्युत अवर अभियंता बृजेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में केबल से निकली चिंगारी के कारण ट्रांसफार्मर में आग लगने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भीषण गर्मी के चलते कई स्थानों पर विद्युत भार बढ़ने से ओवरलोडिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। संभावना है कि ओवरलोड के कारण भी यह घटना हुई हो।
अवर अभियंता ने कहा कि जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच भी की जा रही है।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)























