
काउंसलिंग से बचाए 10 परिवार, पिंक चौकी प्रभारी आयशा सिंह की पहल बनी मिसाल
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र अंतर्गत कुचेसर चौपला स्थित पिंक पुलिस चौकी एवं परामर्श केंद्र महिलाओं और परिवारों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी केंद्र बनता जा रहा है। यहां तैनात चौकी प्रभारी आयशा सिंह ने अपनी सूझबूझ, संवेदनशीलता और प्रभावी काउंसलिंग के माध्यम से मई माह में परिवारों को टूटने से बचाने का सराहनीय कार्य किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार माह मई में परामर्श केंद्र में प्राप्त 22 शिकायतों में से 10 मामलों में सफल काउंसलिंग कर पति-पत्नी के बीच उत्पन्न मतभेदों को दूर कराया गया। चौकी प्रभारी आयशा सिंह ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी और आपसी संवाद के माध्यम से उनके बीच समझौता कराया। काउंसलिंग के बाद सभी दंपति एक-दूसरे के साथ रहने के लिए सहमत हो गए, जिससे परिवारों के बिखरने का खतरा टल गया।
इसके अलावा दो मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि अन्य 10 शिकायतों का भी नियमानुसार निस्तारण कर संबंधित पक्षों को राहत प्रदान की गई। परामर्श केंद्र में आने वाले लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से न केवल विवादों का शांतिपूर्ण समाधान होता है बल्कि परिवारों में खुशहाली और सामाजिक सौहार्द भी बना रहता है।
चौकी प्रभारी आयशा सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवादों को सुलझाने में धैर्य, संवेदनशीलता और निष्पक्षता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनका प्रयास रहता है कि जहां तक संभव हो, बातचीत और समझाइश के माध्यम से समस्याओं का समाधान कराया जाए ताकि परिवार टूटने से बच सकें। उन्होंने कहा कि आगे भी वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करती रहेंगी तथा सफल काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों को जोड़ने का प्रयास जारी रखेंगी।
पिंक पुलिस चौकी एवं परामर्श केंद्र की यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ पुलिस की जनहितकारी और संवेदनशील कार्यशैली को भी दर्शाती है। परिवारों को जोड़ने और रिश्तों में आई दूरियों को समाप्त करने के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
घर में है दीमक की समस्या, FREE इंस्पेक्शन के लिए करें कॉल: 8077979922
























