
पेट्रोल, डीजल व गैस के दामों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप(ehapurnews.com): पेट्रोलियम दामों में हुई भारी वृद्धि के विरोध में सोमवार को हापुड़ में कांग्रेसजन सड़क पर उतर आए और यह कहते हुए की पेट्रोल व गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि से आई कमर तोड़ महंगाई ने नागरिकों व महिलाओं की मुश्किलें बढ़ा दी है और उपभोक्ता के बजट को बिगाड़ कर रख दिया है जमकर प्रदर्शन किया, साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार विरोधी नारे लगाए। कांग्रेसजन ने इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन प्रदेश हाई कमान के आह्वान पर किया।
हापुड़ जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष राकेश त्यागी व शहर अध्यक्ष इरफान कुरैशी के नेतृत्व में जनपद हापुड़ के कोने-कोने से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन भूतपूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व सभासद नरेश भाटी, गौरव गर्ग, एडवोकेट रघुवीर सिंह, नकुल शर्मा, दिनेश कुमार सैनी आदि हापुड़ के अतरपुरा चौराहे पर एकत्र हुए। वे हाथों में कांग्रेस का झंडा, कटोरा, बैनर व तख्तियां लिए थे जिन पर महंगाई विरोधी नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारी पेट्रोलियम दामों में वृद्धि वापिस लेने की मांग कर रहे थे।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, दूध, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से आम जनता की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है। जब ईंधन महंगा होता है तो उसका प्रभाव केवल वाहन चलाने तक सीमित नहीं रहता। परिवहन लागत बढ़ने से सब्जियां, अनाज, दवाइयां, कपड़े, निर्माण सामग्रियां आदि सब कुछ महंगे हो जाते हैं। यही कारण है कि तेल के दाम बढ़ते ही बाजार में महंगाई की नई लहर शुरू हो गई है।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस जन एक जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए उप जिलाधिकारी के दफ्तर पर पहुंचे जहां उन्होंने पेट्रोलियम दामों में वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन किया और उप जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। उन्होंने पेट्रोल, डीजल, गैस आदि के दामों में वृद्धि को वापिस लेने की मांग की।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464

























