
पैठ बाजार में बच्चे ने उड़ाए हजारों रुपये, सीसीटीवी में कैद मामला
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): धौलाना कस्बे में लगने वाले साप्ताहिक पैठ बाजार में एक बच्चे द्वारा लहसुन-प्याज के ठेले से हजारों रुपये चोरी कर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया और आसपास के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि बच्चे ने करीब 10 मिनट तक ठेले के आसपास घूमकर रेकी की और मौका मिलते ही पैसों से भरी टोकरी लेकर फरार हो गया।
पीड़ित दुकानदार अनस ने बताया कि उसका छोटा भाई ठेले पर प्याज लगाने में व्यस्त था। दिनभर की बिक्री के करीब 6 से 7 हजार रुपये एक टोकरी में रखे हुए थे। इसी दौरान वह कुछ देर के लिए दूसरी ठेली के पास प्याज इकट्ठा करने चला गया। तभी वहां पहले से खड़ा एक बच्चा, जो काफी देर से निगरानी कर रहा था, मौका पाकर टोकरी उठाकर फरार हो गया। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। फुटेज में बच्चा दिखाई तो दे रहा है, लेकिन चेहरा साफ न होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि यह फुटेज कुछ दिन पुरानी है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग बच्चे की चतुराई से की गई चोरी की चर्चा कर रहे हैं।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025

























