
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर स्थित फ्लाईओवर पर विबग्योर स्कूल के पास खड़ी पिकअप में पीछे से आए कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर मछली और चिकन बिखरने से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार आजमपुर के महबूब दिल्ली की गाजीपुर मंडी से चिकन और मछली लेकर गजरौला जा रहा था। रास्ते में फ्लाईओवर पर पिकअप का टायर फट गया। चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदल रहा था। इसी दौरान पीछे से आए दूध के कैंटर ने पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे के बाद सड़क पर सामान फैल गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से सामान हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कोतवाली प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि टायर बदलने के दौरान खड़ी पिकअप में कैंटर की टक्कर लगी थी। यातायात सामान्य करा दिया गया है।
लेने-देने के जोड़े “द रेमंड शॉप” से मात्र 649/- में शुरू: 9149331926
























