
फर्जी बैनामे के जरिए 10 करोड़ की जमीन हड़पने के आरोप में पांच पर मुकदमा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की धौलाना तहसील क्षेत्र में अवैध दस्तावेजों से करीब 10 करोड़ रुपए की जमीन का फर्जी बैनामा कराने का मामला सामने आया है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुणे स्थित वेंकटेश्वर सेंचुरी प्राइवेट लिमिटेड ने साल 1990 के आसपास धौलाना पिलखुवा रोड पर लगभग 10 बीघा भूमि का बैनामा किसानों से किया था। कंपनी में पिछले कई वर्षों से उत्पादन बंद हो चुका है। कंपनी के अधिकृत अधिकारी गोविंद कुमार सिंह के अनुसार दिल्ली के विकास कुमार ने खुद को कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि बताते हुए 15 अप्रैल 2022 को कंपनी के समस्त भूमि का बैनामा हरविंदर सिंह के पक्ष में कर दिया। बताया जा रहा है कि गांव गालंद के मनीष तोमर और कंदोला के फतेह सिंह ने भी विकास कुमार के पक्ष में गवाही देते हुए बैनामा करवाया जबकि कंपनी ने कभी भी विकास कुमार को किसी भी प्रकार के लेनदेन के लिए अधिकृत नहीं किया था। फिलहाल पुलिस ने पांच पर मुकदमा दर्ज किया है।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068























