
जीएस विश्वविद्यालय में श्रमिक दिवस मनाया गया
हापुड़, सीमन/ रियाज अहमद (ehapurnews.com): जीएस विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में कार्यरत श्रमिकों को आमंत्रित कर उनके योगदान का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गंगा शरण शर्मा ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति और विकास में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य से लेकर किसी भी संस्थान के सुचारु संचालन तक, श्रमिकों का योगदान आधारशिला के समान है। प्रारंभिक निर्माण से लेकर अंतिम रूप देने और दैनिक संचालन तक, हर चरण में श्रमिक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने कठिन परिश्रम, समर्पण और त्याग से समाज को सुविधा प्रदान करते हैं। अनेक बार वे स्वयं कठिनाइयों और कष्टों का सामना करते हैं, ताकि अन्य लोगों को बेहतर सुविधाएं और राहत मिल सके। उनके श्रम और समर्पण के बिना किसी भी संस्था या राष्ट्र की उन्नति संभव नहीं है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी विभागों के श्रमिकों का पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर चीफ विजिलेंस ऑफ़िसर मनोज शिशोदिया, उपनिदेशक एस.एन. सिंह ने श्रमिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्पण, निष्ठा और अथक परिश्रम की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हाई टी के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने श्रमिकों के योगदान को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559






















