
हादसे के दौरान युवक का कुचला हाथ, जान बचाने के लिए कंधे से काटना पड़ा हाथ
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के हाफिजपुर क्षेत्र में लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें एक व्यक्ति को अपनी बांह गंवानी पड़ी। ऐसे में परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार नई दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मीरा देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा चंद्र प्रकाश 13 अप्रैल को दिल्ली से घरेलू सामान लेकर छोटा हाथी से बदांयू जा रहा था। रास्ते में युवक ने कई बार चालक राहुल को तेज गति से वाहन न चलाने की चेतावनी दी लेकिन चालक उसकी बात को नजरअंदाज करता रहा। 13 अप्रैल की सुबह करीब 3:00 बजे जब वाहन जीएमएस स्कूल के सामने पार्थ ढाबा के पास पहुंचे तो चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए टेंपो को सड़क के बीच डिवाइडर पर चढ़ा दिया। इससे वाहन असंतुलित होकर डिवाइड से रगड़ता हुआ रुक गया। हादसे में चालक के बाई ओर बैठे चंद्र प्रकाश का बाया हाथ बुरी तरह कुचल गया। उसका उपचार कराया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल घायल को एम्स रेफर कर दिया है। युवक की जान बचाने के लिए उसका बाया हाथ कंधे के पास से काटना पड़ा। परिजनों ने मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने आरोपी चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464

























