
उद्यमियों ने विद्युत विभाग के SE से मुलाकात कर उठाई समस्याएं, विभाग पर भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): आईआईए हापुड़ चैप्टर चेयरमैन पवन शर्मा की अध्यक्षता में आई आई ए का एक प्रतिनिधिमंडल विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अधीक्षण अभियंता (Superintendent Engineer) से मिला।
पवन शर्मा ने विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को बड़ी मुखरता से अधिकारियों के समक्ष उठाया। उन्होंने कहा कि नया कनेक्शन लेने, लोड बढ़ाने, लोड घटाने और कनेक्शन बंद करने जैसे कार्यों के लिए उद्यमियों को विभाग के महीनों चक्कर लगाने पड़ते हैं। नए कनेक्शन का एस्टीमेट जमा करने पर ठेकेदार स्टोर में सामान न होने का बहाना बनाकर उद्यमियों का अलग से शोषण करते हैं। एस्टीमेट में विभाग द्वारा अर्थिंग का पैसा जमा कराया जाता है लेकिन ठेकेदार द्वारा कभी भी अर्थिंग मौके पर नहीं की जाती है। विभाग में हर स्तर पर उद्यमियों का शोषण होता है।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, धीरखेड़ा-हापुड़ चैप्टर के सचिव लवलीन गुप्ता ने बताया कि किसी भी कार्य को करने के लिए महीनों का समय इसलिए लगाया जाता है जिससे उद्यमी पर सुविधा शुल्क का दबाव बनाया जा सके। सौरभ अग्रवाल ने कहा कि फॉल्ट होने पर मौके पर बिना जांच किए वीसीबी खराब होने का नोटिस बना दिया जाता है। मीटिंग के दौरान पवन शर्मा ने सभी लंबित कार्यों से अधीक्षण अभियंता को अवगत कराया।
अधीक्षण अभियंता ने विश्वास दिलाया कि शीघ्र ही सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी स्तर पर उद्यमियों का शोषण न हो। मीटिंग में अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी भी मौजूद रहे। मीटिंग में आईआईए की ओर से सचिव लवलीन गुप्ता, कोषाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, सर्वेंद्र रस्तोगी और अंकित तायल मौजूद रहे।
MONAD UNIVERSITY: ADMISSION OPEN 2026-2027 || Free Education for Girls in Selected Courses: 8475074951,52


























