
विजय हत्याकांड: हमलावरों का सीसीटीवी आया सामने
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पूठ में 40 वर्षीय विजय केवट की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस मामले में आलमगीरपुर गांव निवासी आशु और उसके दो अज्ञात साथियों पर मुकदमा दर्ज कर चुकी है। आरोपियों से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें बाइक पर सवार तीनों हमलावर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
आपको बता दें कि मृतक विजय का बेटा अनिल कुमार बुधवार को गांव में ओमपाल की दुकान के पास अपनी बाइक के साथ खड़ा था। तभी आशु और उसके दो अज्ञात साथी एक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि आशु की बाइक अनिल की बाइक से टकरा गई जिससे अनिल की बाइक गिर गई। जब अनिल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। शोर सुनकर अनिल के पिता विजय केवट मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज किया। विरोध करने पर आशु ने तमंचा निकाल कर विजय के सीने में गोली मार दी। वहीं उसके पीछे बैठे युवक ने एक गोली विजय के पैर में मारी और मौके से फरार हो गए। विजय को अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए जिसमें तीनों हमलावर कैद हो गए।
ऋषभ चाप कॉर्नर पर रोटी-सब्जी, चाऊमीन, चाप, रोल सब कुछ उपलब्ध: 7248495020



























