
हापुड़, सीमन / रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की धौलाना तहसील के गांव सौलाना में आयोजित विवाह समारोह ने अंततः अनोखी विदाई के साथ इतिहास रच दिया। प्रारंभिक योजना के अनुसार दुल्हन प्राची की विदाई सीधे गांव सौलाना से हेलीकॉप्टर द्वारा होनी थी, लेकिन घनी धुंध और तकनीकी कारणों के चलते वहां लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए परिवार ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए नोएडा से विदाई कराने का निर्णय लिया।
हरियाणा के गांव अलीयर, जिला गुरुग्राम निवासी तरुण चौहान ने तमाम बाधाओं के बावजूद अपने दादा सतवीर सिंह का सपना साकार किया और नोएडा से हेलीकॉप्टर द्वारा दुल्हन को अपने गांव ले गए। गांव सौलाना निवासी किसान नेपाल सिंह राणा की पुत्री प्राची का विवाह पूर्व में पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ था।विदाई के समय पिता नेपाल सिंह राणा, कटार सिंह, ग्राम निवासी जसवीर सिंह, ओमपाल सिंह राणा, पूर्व प्रधान शीशपाल सिंह राणा, बंटी सिंह, अशोक सिंह व अन्य ग्रामीण नोएडा पहुंचे और दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देकर भावभीनी विदाई दी। इस अनोखी हेलीकॉप्टर विदाई ने क्षेत्र में खासा आकर्षण पैदा किया और लंबे समय तक यादगार बनी रहेगी।
























