हापुड़, सीमन (ehapurnews): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर पुलिस ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिए लाई जा रही चालीस पेटी तस्करी की शराब बरामद की है। यह शराब कार द्वारा हरियाणा से लाई जा रही थी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पचास हजार रुपए नकद, पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि थाना हाफिजपुर पुलिस ने वाहन चैकिंग के दौरान एक गाड़ी आई-20 को रुकने का इशारा किया तो उसमें सवार चार लोग गाड़ी छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस ने पीछा कर चार लोगों को दबोच लिया। आरोपी थाना बिसरख के गांव नया हेवतपुर का हरेंद्र उर्फ शेटी, दिल्ली के तुकमैरपुर का अमित गोस्वामी, बुलंदशहर के गांव पचौता का सोनपाल व लोनी के गांव मांडला का शेखर है।
पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर चालीस पेटी तस्करी की शराब जिसका मूल्य दो लाख रुपए है, बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पचास हजार रुपए नकद तथा पांच मोबाइल भी बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे शराब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वितरित करने हेतु लाए गए थे।




























