
पिलखुवा: कृषि यंत्र बनाने वाली कंपनी के मैनेजर से नौ लाख की लूट
हापुड़, सीमन/रियाज अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में कृषि यंत्र बनाने वाली कंपनी एमबी एग्रो इंडस्ट्रीज में मैनेजर के पद पर तैनात उदयराम के साथ सोमवार को रिलायंस रोड पर नौ लाख की लूट का मामला सामने आया है। सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया जिसने मामले की जांच शुरू कर दी।
फैक्ट्री मालिक पिलखुवा निवासी अंकुर गर्ग ने बताया कि उनकी पिलखुवा क्षेत्र के दतेड़ी स्थित कृषि यंत्र बनाने की कंपनी है जिनका मैनेजर उदयराम लखनऊ से करीब नौ लाख रुपए की रकम लेकर पिलखुवा आ रहा था। रूट डायवर्जन होने के कारण वह पेरिफेरल एक्सप्रेस होते हुए डासना तक पहुंचा। यहां से वह पिलखुवा को आने के लिए थ्री व्हीलर का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक गाड़ी पास आकर रुकी। कार में सवार व्यक्ति ने उदयराम को लिफ्ट देने की बात की लेकिन उदयराम ने इनकार कर दिया जिसके बाद एक दंपति गाड़ी में बैठा तो उदयराम भी गाड़ी में सवार हो गया। इसी बीच कार चालक ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और उसने रिलायंस रोड पर एक अधिकारी से कुछ देर के लिए मिलने की बात कहते हुए गाड़ी को रिलायंस रोड पर मोड़ दिया। इसके बाद उदयराम से पिछली सीट से उठकर आगे आने की बात कही। पीड़ित ने बताया कि जैसे ही उदयराम पीछे से आगे आया और उसने बैठने के लिए खिड़की खोलकर अपना बैग सीट पर रखा तो चालक ने उसे धक्का दे दिया और गाड़ी को दौड़ा दिया। इस दौरान उदयराम भी घायल हो गया जिसने शोर मचाया लेकिन कार सवार भोवापुर की तरफ मुड़कर भाग गए।
शिकायत लेकर फैक्ट्री मालिक व कर्मचारी पुलिस के पास पहुंचा और मामले से अवगत कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पिलखुवा की क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि यह घटना करीब पौन बजे की है। मामला टप्पे बाजी से जुड़ा है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
एक कॉल पर लगवाएं रेडीमेड बाउंड्री : 9027125102, 9105625102 || शानदार क्वालिटी

























