
मोनाड विवि से बीए करने वाला आउटसोर्सिंग कर्मी जिला प्रोबशन कार्यालय में तैनात, अप्रैल माह से रुका वेतन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): मोनाड विश्वविद्यालय के फर्जीवाड़े का प्रकरण चर्चाओं में है। अब जनपद हापुड़ के जिला प्रोबेशन कार्यालय में एक संदिग्ध मामला प्रकाश में आया है। आउटसोर्सिंग कर्मचारी ने 2012 से लेकर 2015 तक मोनाड विश्वविद्यालय से बीए पास की थी जिसकी मार्कशीट पर रोल नंबर के आगे एएमयू भी लिखा हुआ है। इस तरह की मार्कशीट पर एसटीएफ पहले ही संदिग्धता जता चुका है। यह कर्मचारी पिछले 10 वर्षों से यहां तैनात है जिसका अप्रैल महीने का वेतन रोका गया है। वेतन जारी करने के लिए आउटसोर्सिंग कर्मी से शपथ पत्र मांगा गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शिवकुमार ने बताया कि उनके पास दो मार्कशीट आई है। दोनों पर संबंधित वित्तीय वर्षों में मोनाड विश्वविद्यालय के कंट्रोलर के हस्ताक्षर अलग-अलग थे। मौखिक तौर पर सलाह दी गई है कि मामले में जिलाधिकारी को अवगत कराए। वहीं जिला प्रोबेशन अधिकारी स्मिता सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों से कोई जांच का आदेश नहीं मिला है। कार्यालय के माध्यम से मामला संज्ञान में आया है। इसके बाद कर्मचारियों से शपथ पत्र मांग लिया है। भविष्य में एसटीएफ के माध्यम से कोई मामला जांच में सामने आता है तो कर्मचारी इसके लिए जिम्मेदार रहेगा। जिस समय आउटसोर्सिंग कर्मी की नौकरी लगी थी उस समय भी शपथ पत्र लिया गया था। अब शपथ पत्र मिलने के बाद वेतन जारी किया जाएगा।
गाड़ी में लगवाएं धांसू व दमदार ऑडियो सिस्टम: 7417116804






























