
पिलखुवा: सालासर कंपनी के मालिक, मैनेजर आदि पर मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र की धौलाना रोड पर स्थित सालासर कंपनी फैक्ट्री में रविवार को जर्जर टीन शेड गिरने के कारण पांच मजदूर घायल हो गए थे जबकि एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक गाजियाबाद के कवि नगर के आलोक अग्रवाल, राजनगर निवासी शलभ अग्रवाल, गौतम बुद्धनगर के शशांक अग्रवाल, मैनेजर महेंद्र सिंह त्यागी, प्रोडक्शन मैनेजर ऋषि देव सिंह, एचआर मैनेजर मनोज शर्मा, ठेकेदार श्रीकांत कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दो दिन पहले फैक्ट्री की यूनिट तीन में लोहे की भारी प्लेट गिरने से एक मजदूर के पैर की हड्डी तक टूट गई थी लेकिन उसके बावजूद भी फैक्ट्री के जिम्मेदारों ने कोई कदम नहीं उठाया। यदि लंच नहीं होता तो यह हादसा बड़ा हो सकता था।
पिलखुवा क्षेत्र के धौलाना मार्ग पर स्थित सालासर कंपनी में मोबाइल टावर के लोहे के पाइप व अन्य सामान बनाने का काम होता है जहां पर बिहार, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के करीब 500 कामगार काम करते हैं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री का टीन शेड जर्जर अवस्था में था जिसे ठीक कराने के लिए बार-बार फैक्ट्री मालिक, मैनेजर और अन्य अधिकारियों से शिकायत की लेकिन किसी ने भी टीन शेड को ठीक नहीं कराया। फैक्ट्री मालिक की लापरवाही मजदूरों के लिए आफत बन गई। मामला रविवार का है जब दोपहर के समय करीब 60 कामगार फैक्ट्री के अंदर बने जी प्लांट में सामान पर नंबर अंकित कर रहे थे। 12:30 बजे लंच हो गया, इसके बाद करीब 30 कामगार तो बाहर चले गए और बारिश होने के कारण 30 कामगार अंदर ही रुक गए। इसी बीच जर्जर टीन शेड भरभराकर नीचे गिरा जिसने छह मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। मामले की जानकारी मिलने पर पिलखुवा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मजदूरों का रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
राम भूल, डूहरी निवासी मनीष, नारायणपुर निवासी रविंदर, हरदोई के लाल बालपुर निवासी संदेश, कुलदीप और संदीप घायल हो गए थे जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से मनीष और राम भूल की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने गाजियाबाद के लिए रेफर किया जबकि घायलों में से एक को मामूली चोट थी जिसे अस्पताल से घर भेज दिया गया। उपचार के दौरान रामभूल की दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही रामभूल की मौत की सूचना परिजनों को लगी तो परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365


























