
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ के गांव उपेड़ा में जीएसटी विभाग की टीम ने भाजपा के बड़े नेता के बेटे की प्लाईवुड फैक्ट्री पर शनिवार को छापा मारा। जीएसटी की एसआईबी की टीम ने लखनऊ मुख्यालय से मिले आदेशों के बाद भाजपा उत्तरी मंडल अध्यक्ष पवन गर्ग के पुत्र स्वर्ग आश्रम रोड हापुड़ स्थित इंद्रलोक कॉलोनी निवासी शेंकी गर्ग की हापुड़ प्लाईवुड प्राइवेट लिमिटेड नाम की फर्म पर छापा मारा। आपको बता दें कि फर्म के जरिए प्लाईवुड और विनियर (लकड़ी का सामान) की खरीद फरोख्त होती है। विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि भाजपा के उत्तरी मंडल अध्यक्ष पवन गर्ग के बेटे की फर्म पिछले लंबे समय से उन फर्मों से लेनदेन कर रही थी जो कि काफी लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इन बंद पड़ी फर्मों को भुगतान भी किया गया है जबकि इसमें से कुछ फर्मों के रजिस्ट्रेशन भी निरस्त हो चुके हैं। विश्वसनीय सूत्रों ने तो यह भी बताया कि रामपुर की नो बोगस फर्मों से लेनदेन हुआ है। फर्जी बिलों के माध्यम से करोड़ों की टैक्स चोरी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि मामले में भाजपा उत्तरी मंडल अध्यक्ष पवन गर्ग का कहना है कि यह रूटीन जांच है। वह पूरा टैक्स आदि सभी जमा कर चुके हैं। जब जीएसटी विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की तो भाजपाईयों का जमावड़ा लग गया। भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेश तोमर भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हालांकि मीडिया कर्मियों को अंदर प्रवेश नहीं दिया लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष आदि को फैक्ट्री में जाने दिया।
गाजियाबाद जनपद की जीएसटी विभाग की एसआईबी (विशेष अनुसंधान शाखा) की टीम शनिवार को बाबूगढ़ स्थित उपेड़ा में हापुड़ प्लाईवुड प्राइवेट लिमिटेड नाम की फार्म पर पहुंची। तीन गाड़ियों में 10 से अधिक सदस्यों की टीम ने प्लाईवुड फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की। हालांकि इसे रुटीन जांच भी बताया जा रहा है लेकिन अचंभे की बात तो यह है कि हापुड़ प्लाईवुड प्राइवेट लिमिटेड नाम की फर्म पिछले लंबे समय से बंद पड़ी फर्मों से आखिर कैसे लेनदेन, खरीद फरोख्त कर रही थी? यह सवाल बना हुआ है। जिन फर्म के रजिस्ट्रेशन भी निरस्त हो चुके हैं उनसे भी खरीद फरोख्त की जा रही थी। मामला बोगस बिलों से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर व्यापारियों तथा भाजपाईयों में हड़कंप मच गया। भाजपाई फैक्ट्री पर पहुंचे। हालांकि उत्तरी मंडल अध्यक्ष भाजपा पवन गर्ग ने इसे रुटीन जांच बताया और दावा किया कि कोई भी टैक्स चोरी टीम को नहीं मिली है। टीम जांच कर वापस लौट गई। वहीं टीम को लखनऊ मुख्यालय से एक सूची प्राप्त हुई थी जिसके बाद ही टीम ने फर्म पर छापा मारा था।
सर्दी से बचने के लिए मात्र 599/- में जैकेट: 8191820867



























