उपभोक्ता का राशन समय पर उपलब्ध न कराने पर पुलिस, प्रशासन व आपूर्ति विभाग ने राशन डीलर के ठिकाने पर छापा मारा जिससे राशन डीलरों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
मंडी पक्का बाग में दिनेश कुमार सिंघल की राशन की दुकान है। आरोप है कि राशन डीलर उपभोक्ताओं से पहले ही अंगूठा लगवा लेता है और फिर उपभोक्ताओं से चक्कर कटवाता रहता है। उपभोक्ताओं को गत कई माह से राशन नहीं मिला है और वे चक्कर काट-काट कर थक गए। शनिवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और पुलिस को सूचना दे दी।
उपजिला मैजिस्ट्रेट सत्य प्रकाश ने आपूर्ति अधिकारी व पुलिस बल के साथ राशन डीलर के यहां छापा मारा और उपभोक्ताओं की समस्या को सुना। उन्होंने बताया कि दोषी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
























