करोड़ों का राजस्व व रोजगार देने वाले धीरखेड़ा के हालात बेहद खराब
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ से सटे धीरखेड़ा के हालात इन दिनों बेहद खराब है जो प्रदेश की इकोनॉमी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तो वहीं रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराता है। उस क्षेत्र के हालात इन दिनों दयनीय स्थिति में है जहां पानी भरा होने की वजह से लोगों को काफी ज्यादा परेशानी हो रही है।
धीरखेड़ा सरकार को हर वर्ष करोड़ों रुपए का राजस्व देने के बाद भी अपनी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है तथा उद्यमियों को काफी परेशानियों का सामना करने के साथ अपनी फैक्ट्री को चलाना पड़ रहा है। पानी निकासी के लिए नाली एवं पक्की सड़क न होने की वजह से उद्यमी हर रोज परेशान होते रहते हैं लेकिन बरसात के समय में यह स्थिति और अधिक भयानक हो जाती है। इस समय धीरखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में भारी बरसात होने के कारण काफी पानी भरा हुआ है और सड़कों पर काफी गहरे गड्ढे होने के कारण आने जाने वाले उद्यमियों, फैक्ट्री के कर्मचारियों, पैदल चलने वाले तथा माल लाने तथा ले जाने वाले वाहनों को फैक्ट्री परिसर तक पहुंचने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है तथा सड़कों की इस बदहाल स्थिति की वजह से हर रोज काफी दुर्घटनाएं भी हो रही है। धीरखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया की बदहाल सड़कों के कारण कोई भी कमर्शियल वाहन इंडस्ट्रियल एरिया में आने के लिए तैयार नहीं है जिसकी वजह से उद्यमियों को हर रोज आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण उनके व्यवसाय पर भी प्रभाव पड़ रहा है। हापुड़ जिले के लगभग 60 वर्ष पुराने इस इंडस्ट्रियल एरिया ने सरकार को अभी तक कई करोड़ रुपए का राजस्व दिया है लेकिन इसके बावजूद भी इंडस्ट्रियल एरिया बदहाली के आंसू बहा रहा है। उद्यमियों का कहना है कि यदि सरकार यहां के लिए इसी प्रकार उदासीन रही तो जल्द ही इस इंडस्ट्रियल एरिया में स्थापित सभी उद्योग बंदी की कगार पर पहुंच जाएंगे। उद्यमियों ने समस्या के समाधान की मांग की है।
आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श केंद्र || डॉ. एनएस त्यागी आयुर्वेदाचार्य से ले परामर्श: 9810340696, 9412219437



























