कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न कराने हेतु चार जनपदों के शीर्ष अफसरों की बैठक
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पौराणिक तीर्थस्थल बृजघाट से गंगाजल लेकर जाने वाले कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और कांवड़ियों को हर सम्भव सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। कांवड़ यात्रा को सकुशल व सौहार्द पूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने का निर्णय जनपद हापुड़, अमरोहा, सम्भल व मुरादाबाद के प्रशासनिक व पुलिस अफसरों की गजरौला में सम्पन्न हुई एक बैठक में लिया गया।
22 जुलाई से आरंभ हो रही कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए अमरोहा और हापुड़ के पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने बैठक कर तैयार रोडमैप पर चर्चा की। जनपद मुरादाबाद, संभल, हापुड़ और अमरोहा के अफसर एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर पल-पल की सूचनाओं को शेयर करेंगे। इतना ही नहीं ब्रजघाट चौकी पर अमरोहा और हापुड़ के एक-एक सक्षम इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि किसी भी तरह का कोई सीमा विवाद न पैदा हो पाए। इतना ही नहीं हाईवे पर ट्रैफिक वन वे, जीरो ट्रैफिक करने अथवा यातायात संबंधित कोई भी फैसला हापुड़ और अमरोहा जनपदों के अपर पुलिस अधीक्षक आपस में वार्ता करके तय किया करेंगे। शिवभक्तों को कोई भी परेशानी नहीं आने देने के लिए पूरे मनोयोग से कार्य करने की मंशा व्यक्त की गई।
सोमवार को अमरोहा जनपद के गजरौला में स्थित एक होटल में अमरोहा एवं हापुड़ जनपद के पुलिस-प्रशासनिक अफसरों ने कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयार कार्ययोजना पर चर्चा की। अमरोहा के डीएम राजेश कुमार त्यागी, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह एवं हापुड़ एसपी अभिषेक वर्मा के साथ ही दोनों जनपदों के एएसपी, सीओ, इंस्पेक्टर आदि ने तय किया कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए सभी पूरे मनोयोग से अपनी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। अमरोहा के डीएम राजेश कुमार त्यागी ने कहा कि जनपद संभल, मुरादाबाद, हापुड़ व अमरोहा जिले के अधिकारी एक व्हाट्सएप ग्रुप बना लें। जिसमें सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा सके और विषम परिस्थितियों में आसानी से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि डीजे वालों के नाम एवं नंबरों की भी एक सूची बनाएं। पुलिस अधीक्षक अमरोहा कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए कोई नई परंपरा शुरू न हो। उन्होंने कहा कि ब्रजघाट चौकी पर दोनों तरफ से एक-एक सक्षम इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई जाए। जिससे किसी प्रकार का विवाद न हो। उन्होंने कहा कि चारों जनपदों केअपर पुलिस अधीक्षक आपस में समन्वय से कार्य करें और सूचनाओं का आदान-प्रदान करें ताकि बेहतर व्यवस्था बनाकर कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न किया जाए। पुलिस अधीक्षक हापुड़ अभिषेक वर्मा ने कहा कि बाइक वाले कांवड़ियों पर विशेष ध्यान दिया जाए और उन्हें समझाया जाए कि अनुशासनहीनता ना करें और अच्छे से अपनी कावड़ यात्रा पूर्ण करें। इस अवसर पर एसपी (ट्रैफिक) मुरादाबाद भी मौजूद रहे।
लक्ष्मी शॉपिंग मार्ट से खरीदें आइटम ज़रा हटके: 9837477500

सरस्वती कॉलिज ऑफ फार्मेसी में प्रवेश प्रारम्भ : 8791865453, 7217316586

























