नाबालिगों को वाहन चलाने व ओवर लोडिंग रोकने के आदेश
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): रोड सेफ्टी क्लब एवं वालेंटियरों के जरिए नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने, यातायात नियमों के पालने के प्रति जागरूक करने, हाईवे पर अवैध कट बंद करने सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े अभियानों को पूरी शिद्दत से करने के लिए निर्देशित किया गया है। ये निर्देश परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव एल वेंकटेश्वर ने सड़क सुरक्षा पखवाड़ा की समीक्षा के दौरान दिए। बैठक में परिवहन, पुलिस, एनएचएआई, यूपीडा, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग आदि स्टेक होल्डर शामिल रहे।
एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बताया कि प्रदेश में एनएचएआई के मार्गों पर चिह्नित कुल 3504 जंक्शन में से 150 जंक्शनों पर ट्रैफिक बेहतर बनाने के लिए काम किया जाना है। टोल प्लाजाओं पर चालकों के स्वास्थ्य, नेत्र परीक्षण हेतु कैंप लगाए जा रहे हैं। टैक्टर-ट्रालियों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगवाए जा रहे हैं। इस पर प्रमुख सचिव परिवहन ने एनएचएआई को शेष 150 जंक्शनों पर सुधारात्मक कार्य करने, अवैध कट बंद कर चेतावनी बोर्ड लगाने, टोल प्लाजा पर ओवरलोडिंग रोकने की कवायदें करने को कहा।
ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग भी रोकें : परिवहन एवं पुलिस विभाग के प्रतिनिधियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सोशल मीडिया, गोष्ठी के जरिए जागरूकता फैलाई जा रही है। प्रमुख सचिव परिवहन ने निर्देशित किया कि हेल्मेट, सीटबेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग, ड्रंकन ड्राइविंग, रांग साइड ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग रोकने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।
30 हजार की डाउन पेमेंट और फ्री गिफ्ट के साथ ले जाएं ई-रिक्शा: 7906867483

























