हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ की तहसील परिसर में काफी वर्षों से बने अधिवक्ताओं के चैंबरों को तहसीलदार ने ध्वस्त कर दिया। सोमवार की सुबह जब अधिवक्ता तहसील परिसर पहुंचे तो टीन शेड बिखरे देख उन्होंने नाराजगी जाहिर की और अधिवक्ता साथियों को मामले से अवगत कराया। हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ के अध्यक्ष एडवोकेट राम निवास सिंह ने बताया कि यह तहसीलदार की तानाशाही है जिसने छुट्टी के दिन शाम को अधिवक्ताओं के चेंबर तोड़ दिए। एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि 24 घंटे के अंदर सभी अधिवक्ताओं के चैंबरों को पुनः लगाया जाएगा जो अधिवक्ता जहां बैठा था वह वहीं बैठेगा। वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के अंदर अधिवक्ताओं की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे।
अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसीलदार ने कई वर्ष पुराने चैंबरों को अवैधानिक रूप से ध्वस्त कर दिया है। इसके खिलाफ उन्होंने हड़ताल का आह्वान किया। सोमवार को वकील न्यायिक कार्य से विरत रहे। हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ के अध्यक्ष राम निवास सिंह की अध्यक्षता और सचिव विकास कुमार त्यागी के संचालन में सोमवार को आहूत की गई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिस तरह से अधिवक्ताओं के चैंबरों को तोड़ा गया है वह अवैधानिक है और अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का फैसला लिया।
तहसीलदार द्वारा तोड़े गए चैम्बरों से अधिवक्ताओं में उबाल है। अधिवक्ता एकत्र होकर तहसील परिसर पहुंचे जहां एसडीएम शुभम श्रीवास्तव ने उन्हें समझाया और आश्वासन दिया कि जो अधिवक्ता जहां बैठता है वह वहीं बैठेगा।
एक ही दुकान से प्लास्टिक का सारा सामान होलसेल दाम पर खरीदें: 9359986878




























