हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): हापुड़ नगर पालिका परिषद की शुक्रवार को बोर्ड बैठक आयोजित हुई जिसमें सभासदों ने खूब हंगामा काटा। हंगामे के दौरान शोर इतना ज्यादा था कि सभासदों की आवाज भी सुनाई नहीं दी। हालांकि विधायक विजयपाल आढ़ती सभासदों को शांत करते हुए नजर आए। इस दौरान कुछ प्रस्ताव का जमकर विरोध हुआ। साथ ही भ्रष्टाचार, गंदगी आदि का मुद्दा भी जोर-शोरों से गर्माया। सभासदों ने एक स्वर में कहा कि भ्रष्टाचार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभासदों ने किया कड़ा विरोध:
हापुड़ नगर पालिका परिषद के सभागार में शुक्रवार को करीब 11 बजे बोर्ड बैठक शुरू हुई जिसमें 119 प्रस्तावों पर चर्चा होनी थी। प्रस्ताव संख्या 97, 98 और 104 का सभासदों ने जबरदस्त विरोध किया। रेन बसेरे पर खर्च होने वाली धनराशि का भी सभासदों ने विरोध करते हुए कहा कि यह भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना है। सभागार कक्ष में टेंडर के साथ-साथ चरमराई हुई सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठा।
गंदगी का फोटो लेकर पहुंचे सभासद:
वार्ड नंबर- 4 के सभासद तो क्षेत्र में गंदगी की फोटो खींचकर एक पोस्टर लेकर बोर्ड बैठक में पहुंचे जहां उन्होंने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी साफ-सफाई नहीं करते बल्कि खाना पूर्ति करते हैं।
सफाई आउटसोर्सिंग, नलकूप टेंडर में घोटाले का आरोप भी लगाया गया। कुछ सभासदों ने तो यह भी कहा कि एक ही फर्म को बार-बार टेंडर किया गया जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। बोर्ड बैठक में विधायक विजयपाल आढ़ती, नगर पालिका परिषद हापुड़ की चेयरमैन पुष्पा देवी, सभासद विकास दयाल, सभासद मोनू बजरंग, सभासद शशांक गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
ऑनलाइन गैजेट, होम डेकोर, स्टेशनरी आदि खरीदने के लिए कॉल करें: 9837477500 पर
































