220 ग्रामीणों की स्क्रीनिंग हुई, 20 स्पुटम लिए गए
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़, 15 जनवरी, 2024। एकीकृत निक्षय दिवस के मौके पर सोमवार को जिला क्षय रोग विभाग और मेरिनो इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा पोषित श्री प्रेमचंद लोहिया मेमोरियल ट्रस्ट के द्वारा एक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कैंप में मेरिनो इंडस्ट्रीज के महाप्रबंधक मानवेंद्र नाथ भी मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों का टीबी के प्रति संवेदीकरण करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डा. राजेश सिंह ने बताया- दो सप्ताह से अधिक खांसी या बुखार, खांसी में बलगम या खून आना, रात में सोते समय पसीना आना, वजन कम होना, सीने में दर्द रहना, यह सब टीबी के लक्षण हो सकते हैं, इनमें से कोई भी लक्षण आने पर टीबी की जांच कराना जरूरी है। टीबी की जांच और उपचार की सुविधा सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध है।
डीटीओ डा. राजेश सिंह ने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में श्री प्रेमचंद लोहिया मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने बताया – श्री प्रेमचंद लोहिया मेमोरियल ट्रस्ट पिछले एक वर्ष से हर माह एकीकृत निक्षय दिवस के मौके पर अलग-अलग स्थानों पर निक्षय कैंप का आयोजन कर क्षय रोगियों को खोजने में मदद कर रहा है। सोमवार को टियाला गांव में आयोजित निक्षय शिविर में ट्रस्ट के चिकित्सा अधिकारी डा. पीएस अग्रवाल और डा. डीके अग्रवाल ने कैंप में पहुंचे 220 ग्रामीणों की स्क्रीनिंग की। 20 लक्षणयुक्त ग्रामीणों का स्पुटम (बलगम का नमूना) जांच के लिए लिया गया। इसके साथ ही क्लीनिकल डायग्नोसिस के आधार पर 14 ग्रामीणों को एक्स-रे के लिए रेफर किया गया।
जिला पीपीएम समन्वयक सुशील चौधरी ने बताया – निक्षय कैंप में पहुंचे ग्रामीणों को टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ ही यह भी बताया गया कि क्षय रोगियों को उपचार के दौरान सरकार हर माह पांच सौ रुपए का भुगतान करती है। यह राशि निक्षय पोषण योजना के तहत सीधे क्षय रोगी के बैंक खाते में भेजी जाती है। कैंप में लैब टैक्नीशियन यासीन अली, फार्मासिस्ट सुहेल खान और विनोद कुमार वर्मा, अनिल कुमार और ईश्वर चंद का सहयोग रहा।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264






























