हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा ने शनिवार को जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ की कुचेसर रोड चौपला पर स्थित सर्विस रोड का एक बार फिर निरीक्षण किया। इससे पहले जिलाधिकारी ने 6 अक्टूबर को सर्विस रोड का निरीक्षण कर जर्जर सड़क देख अधिकारियों की फटकार लगाई थी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोगों से समस्याएं पूछी और आश्वासन दिया कि जल्द ही सड़क का निर्माण पूर्ण होगा जिससे लोगों को परेशानी नहीं होगी।
जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने डीएम का आभार जताया और धन्यवाद दिया। साथ ही महात्मा गंगादास की स्मृति में 24 अक्टूबर को होने वाले विशाल दंगल के लिए भी आमंत्रित किया। दंगल के अध्यक्ष चौधरी पवनवीर सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि दंगल में विभिन्न क्षेत्रों से लोग आते हैं। ऐसे में सर्विस रोड के निर्माण से लोगों को काफी आसानी होगी।
आपको बता दें कि कुचेसर रोड चौपला की सर्विस रोड के हालात पिछले कई वर्षों से खराब थे। जल भराव की वजह से जगह-जगह गहरे गड्ढे हो चुके थे। ऐसे में यहां से निकलने वाले वाहन सवार अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते। कुछ लोगों की तो इस सड़क ने जान भी ले ली। ऐसे में जिलाधिकारी ने छह अक्टूबर को सड़क का निरीक्षण किया था और लापरवाह अधिकारियों की फटकार लगाई थी जिसके बाद सड़क का निर्माण शुरू हुआ जिसका जिलाधिकारी ने शनिवार को पुन: निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
एक ही फोन पर कराएं किसी भी तरह का इंश्योरेंस: 9756129288:






















