हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के खादर के नया गांव गढ़ावली में पशुओं के लिए चारा लेने गई एक 35 वर्षीय महिला धनवती नाले को पार करते समय फंस गई और डूबने से उसकी मौत हो गई जिससे परिवार में कोहराम मचा है। भले ही गंगा के जलस्तर में कमी आई हो लेकिन खादर क्षेत्र में अभी भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
शुक्रवार को एक 35 वर्षीय महिला धनवती पशुओं के लिए चारा लेने जा रही थी। रास्ते में नाले में पानी भरा हुआ था। इसी बीच महिला जैसे ही नाले को पार करने लगी तो वह फंस गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। धनवती के साथ गई अन्य महिलाओं ने ग्रामीणों को मामले से अवगत कराया जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर शव बाहर निकाला। वहीं सूचना मिलने पर अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है।






















