हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर में मुख्य गंगा स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। इसके लिए पुलिस ड्रोन कैमरे का सहारा ले रही है जिससे चप्पे-चप्पे पर निगाह रखी जा सके। गंगा घाट से लेकर हाईवे तक पुलिस की पैनी निगाह है। वहीं व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेने के लिए हापुड़ के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा लगातार गंगाघाट, बाजार, हाईवे, पार्किंग स्थल आदि का लगातार जायजा ले रहे हैं। आपको बता दें कि ज्येष्ठ गंगा दशहरा की पूर्व संध्या पर सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं ने बृजघाट पहुंचकर गंगा स्नान किया। मंगलवार को मुख्य स्नान के चलते श्रद्धालु सोमवार की शाम से ही तीर्थ नगरी पहुंचना शुरू हो गए। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, अमरोहा समेत विभिन्न राज्यों व जनपदों से भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। इस दौरान भक्त भजन व कीर्तन करते दिखाई दिए जिनकी सुरक्षा के लिए पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। दिन-रात अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के सख्त निर्देश है कि किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कड़े बंदोबस्त किए जाएं। इसी क्रम में गढ़ मेले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं। पल-पल की गतिविधि पर निगाह रखने के लिए आसमान से भी निगरानी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के साथ अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार मिश्रा ने भी क्षेत्र का जायज़ा लिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम, गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
कम से कम ब्याज पर लोन लेने के लिए संपर्क करें: 9756129288























