पिलखुवा के वेयरहाऊस में हुई लूट व गार्ड की हत्या के आरोपियों को पुलिस ने जेल भेजा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा पुलिस ने छिजारसी क्षेत्र में स्थित एक फैक्टरी के वेयर हाऊस में गार्ड की चार दिन पूर्व हुई हत्या व कापर लूटपाट की घटना के सिलसिले में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, व तीन जिंदा कारतूस तथा 25 हजार रुपए नकद बरामद किए है। इस घटना में वेयर हाऊस के गार्डों की मिलीभगत उजागर हुई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि चार दिन पहले थाना पिलखुवा के छिजारसी क्षेत्र में स्थित एक बंद पड़ी फैक्टरी जालटा फूड एंड वेबरेज कम्पनी के वेयर हाऊस पर मैनपुरी के करहल का सतेंद्र यादव गार्ड की नौकरी करता था। जिसकी बदमाशों ने चार दिन पहले गला घोट कर हत्या की थी और कापर की लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाश यह कापर एक वाहन में लादकर ले गए थे। पुलिस ने बताया कि वेयर हाऊस पर सतेंद्र यादव 11 मई की रात को ड्यूटी पर तैनात था कि दो गार्ड सत्यप्रकाश तिवारी व सतीश चंद गुप्ता की मिलीभगत से भूतपूर्व गार्ड गौरव तोमर बदमाशों के साथ आ धमका और फैक्टरी पर लूटपाट की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। सतेंद्र यादव के विरोध करने पर लुटेरों ने उसको मारपीट कर घायल कर दिया जिसकी बाद में मौत हो गई। बदमाश वेयर हाऊस से कापर एक वाहन में लादकर ले गए।
थाना पिलखुवा के प्रभारी विनोद पांडे पुलिस बल के साथ गालंद रोड पर गश्त कर रहे थे कि पांच बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पकड़े गए बदमाशों ने फैक्टरी पर गार्ड की हत्या कर लूटपाट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पकड़े गए बदमाश जनपद गाजियाबाद के थाना भोजपुर के गांव अतरौली का गौरव तोमर, थाना विजयनगर के सैक्टर-12 का आशिफ उर्फ चिड़ियां व रिजवान, तथा जनपद जौनपुर के थाना महाराजगंज के गांव डड़वा का सत्यप्रकाश तिवारी व जनपद बुलंदशहर के थाना अनूपशहर कस्बा के मौहल्ला केदारशाह का सतीश चंद गुप्ता शामिल है। पकडे गए बदमाशों में गौरव तोमर व आशिफ उर्फ चिड़िया शातिर किस्म के बदमाश है जिनके विरुद्ध विभिन्न थानों के अंतर्गत अनेक मुकद्दमे दर्ज है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से हथियार तथा लूट का सामान बेचकर प्राप्त हुई 25 हजार रुपए की धनराशि को बरामद किया है। सभी आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
किराने के सामान की फ्री होम डिलीवरी : 7302805950
























