
ओवरटाइम का बहाना बनाकर प्रेमिका संग छोले-भटूरे खा रहे पति को पत्नी ने रंगे हाथों दबोचा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की तीर्थनगरी ब्रजघाट के गंगा किनारे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पति की ‘ओवरटाइम’ की पोल खुद उसकी पत्नी ने खोल दी। हापुड़ का रहने वाला एक शख्स पिछले कई महीनों से कंपनी के काम और ओवर ड्यूटी का बहाना बनाकर देर रात घर लौटता था। पत्नी को उसके बदले मिजाज और फोन पर व्यस्त रहने पर काफी समय से शक था।
मंगलवार को जब पति फिर से ओवर ड्यूटी का बहाना बनाकर घर से निकला, तो सतर्क पत्नी ने परिवार के दो लोगों के साथ उसका पीछा शुरू कर दिया। पति हापुड़ से सीधा ब्रजघाट पहुंचा, जहाँ उसकी प्रेमिका पहले से ही इंतजार कर रही थी।
दोनों मेला क्षेत्र में गंगा किनारे एक दुकान पर बैठकर आराम से छोले-भटूरे खा ही रहे थे कि तभी पत्नी वहाँ आ धमकी। पत्नी को सामने देखते ही प्रेमिका भीड़ का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गई, जबकि पति रंगे हाथों पकड़ा गया। इसके बाद बाजार के बीचों-बीच पति-पत्नी में जमकर कहासुनी हुई और लोगों का भारी जमावड़ा लग गया।
हंगामा बढ़ता देख सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। चौकी प्रभारी अंकित कुमार के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
घुटनों के दर्द, स्लिप डिस्क से परेशान तो आधुनिक मशीनों द्वारा कराएं फिजियोथैरेपी: 7417230216





















