
लिफ्ट देने के बहाने दो छात्राओं का अपहरण, गन्ने के खेत में बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर से एक बेहद खौफनाक और शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां स्कूल जा रही दो नाबालिग छात्राओं को लिफ्ट देने के बहाने अगवा कर उनके साथ दरिंदगी की वारदात को अंजाम दिया गया है।
यह दर्दनाक घटना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे 11वीं की 17 वर्षीय और 10वीं की 15 वर्षीय छात्राएं अपने घर से पास के गांव में स्थित इंटर कॉलेज जा रही थीं। हर का पुल पार करते ही दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने खुद को छात्राओं के परिवार का परिचित बताया और उनमें से एक छात्रा को नाम से पुकार कर उसका भरोसा जीत लिया। शार्टकट से जल्दी स्कूल पहुंचाने का झांसा देकर दोनों बाइक सवारों ने दोनों छात्राओं को अपनी-अपनी बाइक पर बैठा लिया लेकिन आरोपी उन्हें स्कूल ले जाने की बजाय एक सुनसान इलाके में गन्ने के खेत के अंदर ले गए। वहां दोनों छात्राओं को बंधक बनाकर दोपहर तक उनके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। जब छात्राओं ने इसका विरोध किया और शोर मचाया, तो दबंगों ने उन्हें पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोपहर में दोनों बच्चियों को बदहवास हालत में गांव के बाहर खेतों के पास फेंककर फरार हो गए। छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए एक बाइक का नंबर पुलिस को नोट कराया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
मामले पर सीओ राहुल यादव ने बताया कि दो छात्राओं से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है, बच्चियों का मेडिकल कराया जा रहा है और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010




















