हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गांव सपनावत का बेटा विनोद राणा इन दिनों वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए पूरी मेहनत और लगन के साथ तैयारी में जुटे हैं। इसके लिए वह दिल्ली के लक्ष्मीनगर में स्थित नॉकआउट मार्शल आर्ट्स फिटनेस फाउंडेशन में ट्रेनिंग ले रहे हैं। विनोद की आर्थिक स्थित कमजोर है जिसकी वजह से उनके सामने कई समस्याएं आ रही हैं लेकिन इसके बावजूद भी विनोद देश के लिए पसीना बहा रहे हैं।
बता दें कि विनोद राणा का चयन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए हो चुका है। यह चैंपियनशिप तीन नवंबर से 11 नवंबर तक अबू धाबी में आयोजित होगी। 12 से 16 सितंबर तक हुई एशियन चैंपियनशिप में विनोद राणा का प्रदर्शन बेहतर रहा जिसके आधार पर उनका चयन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए हुआ है। विनोद 77 किलोभार वर्ग में जू जीत सू में भाग लेकर देश का नाम रोशन करने की तैयारी में जुटे हैं। इसके लिए वह कड़ा परिश्रम कर रहे हैं। दिन रात एक कर ट्रेनिंग कर रहे हैं। विनोद का कहना है कि अगर उन्हें सरकार से कुछ सहायता मिले तो वह और भी शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। इससे पहले विनोद इंटरनेशनल चैंपियनशिप थाईलैंड में गोल्ड मैडल जीतकर देश का नाम रोशन कर चुके हैं।




























