हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): यूनिवर्सिटी में दाखिला लेने के लिए इन दिनों छात्र-छात्राएं बेहद परेशान हैं। ये परेशानी यूनिवर्सिटी की वजह से नहीं बल्कि आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने की वजह से हो रही है। दरअसल हापुड़ के बैंकों के बाहर छात्र-छात्राएं सुबह पांच बजे से ही अपना आधार कार्ड बनवाने के लिए लाइनों में लग जाते हैं लेकिन उसके बाद भी उनमें से कुछ ही छात्रों का आधार कार्ड बन पाता है। जिस तरह दिन में तापमान बढ़ता जाता है उसी तरह बैंकों के बाहर लगी कतार भी बढ़ जाती है। शाम को लाइनों में लगे भूखे प्यासे छात्रों को सिर्फ निराशा ही हाथ लगती है।
हापुड़ की रेलवे रोड पर स्थित इंडियन बैंक के बाहर छात्रों, महिलाओं की लंबी कतार देख हापुड़ के पूर्व विधायक गजराज सिंह ने बैंककर्मियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि दलालों की मिलीभगत से दिन में सिर्फ 20 लोगों का आधार कार्ड बनाया जा रहा है।
व्यापारी संजय ने मांग करते हुए कहा कि प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।
आपको बता दें कि इन दिनों अपने आधार कार्ड को लेकर छात्र-छात्राएं, महिलाएं व बुजुर्ग बेहद परेशान हैं वो सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक बैंकों के बाहर लाइनों में खड़े रहते हैं लेकिन दिन में कुछ ही लोगों का आधार कार्ड बन पाता है। छात्रों ने आरोप लगाया कि बैंक कर्मी दलालों की मिली भगत से कार्य करने का ज्यादा पैसा मांग रहे हैं। बता दें कि शहर के अधिकांश बैंकों की यही तस्वीर है।


























