
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश NHM संविदा कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर 8 अक्टूबर से जिला हापुड़ में स्वास्थ्य सेवाओं की मुख्य धुरी माने जाने वाले संविदा कर्मचारियों ने अपने हक और सम्मान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार व विशाल धरना प्रदर्शन की शुरुआत की है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बीते 18 वर्षों से निष्ठापूर्वक सेवारत कर्मियों का स्थायीकरण (नियमितीकरण), समान कार्य के लिए समान वेतन, ₹10 लाख तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, महंगाई भत्ता (DA), EPF, HRA, पारदर्शी स्थानांतरण नीति और अनुकंपा नियुक्ति जैसे मौलिक अधिकार शामिल हैं।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा जल्द ही उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक फैसला लिया जाता है, तो स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। यदि मांगों पर निर्णय नहीं होता है, तो 12 अक्टूबर को प्रदेश भर के लाखों संविदा कर्मचारी लखनऊ में विशाल आंदोलन करेंगे।
इस विशाल धरना प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष चंद्रभान तोमर, महामंत्री राधेश्याम यादव, सचिव सुशील चौधरी और मीडिया प्रभारी अजय मलिक के नेतृत्व में अभिनव दुबे, डॉ. मयंक, शालिनी तिवारी सहित जिले भर के समस्त NHM संविदा कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।




















