
बेखौफ चोरों का तांडव: पिलखुवा के गांव शाहपुर फगौता में दो किसानों के ट्यूबवेल से सामान पार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर फगौता में बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को ठेंगा दिखाते हुए एक ही रात में दो किसानों के निजी नलकूपों को अपना निशाना बना लिया। चोर नलकूपों में लगे स्टार्टर, एमसीबी (MCB) और बिजली के तार उखाड़कर आसानी से फरार हो गए। सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तो नलकूपों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की इस घटना से इलाके के किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ित किसानों के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले किसान मदन सिंह के ट्यूबवेल पर धावा बोला, जहां से स्टार्टर, एमसीबी और तार उखाड़ लिए। इसके बाद बेखौफ बदमाशों ने किसान जनक सिंह के नलकूप को निशाना बनाया और वहां से भी पूरा सामान चोरी कर ले गए।
एक ही रात में हुई दो-दो चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय किसानों का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई और ढुलमुल कार्यशैली की वजह से ही क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। किसानों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*




















