
पिलखुवा के दो सगे भाईयों ने नेशनल चैंपियनशिप में बिखेरी चमक
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा के दो युवा शूटरों ने 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में देशभर के शूटर हिस्सा ले रहे हैं, जहां पिलखुवा के दो सगे भाई खिलाड़ियों ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। पिलखुवा के परतापुर रोड निवासी रुद्र कर्दम ने प्रतियोगिता में बेहतरीन निशानेबाजी करते हुए 600 में से 555 अंक हासिल किए। स्कोर के आधार पर रुद्र इंडियन सिलेक्शन ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई हो गए हैं, जिसे उनके शूटिंग करियर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह सफलता उनके लगातार अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का नतीजा बताई जा रही है।
रुद्र के कोच शिवम त्यागी ने बताया कि 13 तारीख से कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में टीम ट्रायल्स की शुरुआत होगी, जिसमें देश के चुनिंदा शूटर हिस्सा लेंगे। कोच शिवम त्यागी के साथ असिस्टेंट कोच राकेश शर्मा का भी इस सफलता में अहम योगदान रहा है।
हर्षित कर्दम ने भी कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उम्दा खेल भावना और संघर्षशीलता का परिचय दिया। हालांकि वे मेडल की दौड़ में आगे नहीं बढ़ सके, लेकिन उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कोचों ने उन्हें भविष्य का संभावनाशील शूटर बताया है। दोनों खिलाड़ी भाईयों की इस उपलब्धि और जुझारू प्रदर्शन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है।
CCTV कैमरे व जीपीएस ट्रैकर लगवाने के लिए संपर्क करें: 8126293996



























