हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने मिलकर दो अंतरराज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है जो उत्तराखंड से अवैध पिस्टल खरीद कर महाराष्ट्र में दोगुने दामों में बेचा करते थे। पुलिस ने आरोपियों से 3 अवैध पिस्टल भी बरामद की है। पुलिस मामले से जुड़े और भी लोगों की तलाश कर रही है। फ़िलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एएसपी हापुड़ मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि महाराष्ट्र के जनपद पुणे के निवासी प्रकाश पाटिल पुत्र प्रमोद तथा अर्जुन पंडित पुत्र मोहन अंतरराज्यीय अभियुक्त हैं जो उत्तराखंड के एक सप्लायर से सस्ते दामों में अवैध हथियार खरीदते थे और इन हथियारों को दोगुने दामों में महाराष्ट्र में बेचा करते थे। शुक्रवार को हापुड़ पुलिस ने दोनों आरोपियों को निजामपुर शिव मंदिर के पीछे खाली जगह से गिरफ्तार किया जिनके कब्जे से तीन अवैध पिस्टल बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि करीब 40 हजार रुपए में खरीदी गई पिस्टल को यह आरोपी एक लाख रुपए तक बेच देते थे। पुलिस फिलहाल आरोपियों की कुंडली खंगालने में लगी है।
























