
ट्रक चालक ढाबे के मालिकों को बेचते थे सरकारी राशन, 11 पर मुकदमा
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की मोदीनगर रोड पर स्थित चौधरी ढाबे पर बुधवार की रात एडीएम हापुड़ संदीप कुमार ने अधिकारियों व पुलिस बल के साथ छापा मारा था जहां सरकारी राशन से लदे आठ ट्रक मिले। जांच में पांच ट्रकों में राशन कम मिला जिनमें से राशन चुराकर उनमें पानी डाला गया था। मामले में शुक्रवार की शाम मुकदमा दर्ज किया गया है। आठ ट्रक चालकों, दो ढाबा संचालकों तथा ट्रांसपोर्ट कंपनी समेत 11 के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि अनाज चोरी करके ट्रक चालक ढाबे के मालिक दो भाइयों हनी चौधरी व सनी चौधरी को बेच देते थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक दिनेश, इंद्रजीत, बिजेंदर, प्रवीण, बिजेंदर, नाजिम, आमिर, शहजाद, मैसर्स बुलंद लॉजिस्टिक लिमिटेड गाजियाबाद व ढाबा मालिक हनी चौधरी तथा सनी चौधरी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।
आपको बताते चलें कि हापुड़ की मेरठ रोड पर स्थित एफसीआई से निकले सरकारी राशन के आठ ट्रक मोदीनगर रोड पर स्थित चौधरी ढाबे पर खड़े मिले। यह राशन गाजियाबाद जा रहा था जिसमें गाजियाबाद जनपद की 15 दुकानों का राशन था। इस खाद्यान्न का वितरण सितंबर के महीने में होना था। मामले की शिकायत पर डीएम हापुड़ अभिषेक पांडेय के निर्देश पर बुधवार की रात में एडीएम संदीप कुमार, एसडीएम इला प्रकाश, जिला पूर्ति अधिकारी डॉक्टर सीमा बालियान, एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी हापुड़ जितेंद्र कुमार शर्मा, हापुड़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष प्रताप सिंह ने छापामार कार्रवाई की और सभी ट्रकों को पकड़ लिया। मौके पर दो ट्रक के अंदर रखे गेहूं के बोरे पर पानी डला हुआ मिला। कार्रवाई के दौरान मौके से पांच चालकों को पकड़ लिया गया था जबकि तीन ट्रक के चालक फरार होने में कामयाब रहे। टीम ने सभी ट्रकों को कब्जे में लेकर नवीन मंडी में खड़ा किया और उन्हें सीज कर दिया। वजन करने पर असलियत का पता चला। जांच में छह ट्रकों से 410 किलोग्राम वजन कम और दो ट्रकों में 180 किलोग्राम वजन अधिक मिला। इस मामले में आठों ट्रक चालकों, ट्रांसपोर्ट कंपनी और दो ढाबा संचालकों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। गरीबों का राशन डकारने वालों के खिलाफ कारवाई काफी तेजी से चल रही है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264



























