
पिलखुवा में दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवती की मौत
हापुड़, सीमन/ रियाज अहमद (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। छिजारसी टोल प्लाजा और रामा अस्पताल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार 22 साल की युवती को टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में युवती की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान अनवरपुर गांव निवासी 22 वर्षीय आरती के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, आरती सोमवार को गाजियाबाद स्थित अपनी बुआ के घर गई थी। मंगलवार को जब वह स्कूटी से अपने गांव लौट रही थी, तभी रामा अस्पताल के सामने यह हादसा हो गया।
घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीर ने तत्परता दिखाते हुए आरती को पास के रामा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068




















