हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र में मौजूद फैक्ट्री के संचालक दिल्ली निवासी उद्यमी वरुण गुप्ता के साथ लूट के प्रयास का मामला सामने आया है. बदमाशों ने उद्यमी की कार को पंचर भी कर दिया लेकिन इसके बाद भी उद्यमी ने गाड़ी नहीं रोकी. ड्राइवर को गाड़ी भगाने के लिए कहा. बदमाश स्कूटी और दो बाइकों पर सवार होकर लगभग छह किलोमीटर तक वरुण गुप्ता का पीछा करते रहे लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी.
मामला गुरुवार का है जब दिल्ली निवासी उद्यमी वरुण गुप्ता फैक्ट्री में मौजूद कामगारों का वेतन देने के लिए नकदी लेकर फैक्ट्री जा रहे थे. जैसे ही वह मसूरी में होली क्रॉस हॉस्पिटल के पास पहुंचे तो युवकों ने उन्हें मोबिल आयल लीक होने का इशारा किया. उद्यमी मामला समझ गए और उन्होंने ड्राइवर को गाड़ी की गति बढ़ाने के निर्देश दिए. बदमाश काफी दूर तक पीछा करते रहे लेकिन उद्यमी ने कार नहीं रोकी. ऐसे में बदमाशों ने मौका मिलने पर कार को पंचर कर दिया. पंचर हुई गाड़ी को भी उद्यमी ने नहीं रोका और सीधे फैक्ट्री जाकर रूके जिसके बाद उन्होंने राहत की सांस ली. बताते चलें कि इस दौरान कई बार 112 को कॉल कर मदद मांगने की कोशिश की लेकिन नंबर नहीं मिल पाया. उद्यमी की फैक्ट्री धौलाना थाना क्षेत्र के मसूरी गुलावठी मार्ग पर है.
Brainwaves Internation School में Admission के लिए काल करेंः 8279806606





























