
“धौलाना की जनता मूलभूत सुविधाओं को तरस रही, सरकार सिर्फ दावे कर रही है:” दिग्विजय शिशोदिया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): समाजवादी पार्टी के युवा नेता दिग्विजय शिशोदिया ने धौलाना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से सीधा संवाद किया और क्षेत्र की जमीनी समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और बुजुर्गों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं तथा प्रदेश सरकार पर जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
यात्री परेशान:
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान दिग्विजय शिशोदिया ने धौलाना विधानसभा की बदहाल परिवहन व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद-धौलाना-गुलावठी मार्ग हो या दादरी-धौलाना-पिलखुवा मार्ग, लाखों लोगों की आवाजाही के बावजूद आज तक नियमित सरकारी बस सेवा उपलब्ध नहीं कराई गई। छात्र, कर्मचारी, महिलाएं और मरीज रोजाना परेशान हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के दावे करती है, जबकि आम जनता को सफर करने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य की गंभीर स्थिति:
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को भी गंभीर बताते हुए कहा कि धौलाना क्षेत्र के सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टरों की भारी कमी से जूझ रहे हैं। कई अस्पताल केवल भवन बनकर रह गए हैं। मरीजों को इलाज के लिए गाजियाबाद, पिलखुवा और दिल्ली की ओर भागना पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अस्पतालों में डॉक्टर ही नहीं होंगे तो गरीब जनता इलाज कहां कराएगी।
शिक्षा पर बोला हमला:
शिक्षा व्यवस्था पर हमला बोलते हुए दिग्विजय शिशोदिया ने कहा कि सरकार शिक्षा सुधार के बड़े-बड़े विज्ञापन दे रही है, लेकिन हकीकत यह है कि क्षेत्र के अनेक सरकारी विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। हजारों बच्चों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूलों में शिक्षक नहीं होंगे तो ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में कैसे आगे बढ़ेंगे।
बढ़ी बेरोजगारी व महंगाई:
दिग्विजय शिशोदिया ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिजली कटौती, जर्जर सड़कें, किसानों को फसलों का उचित मूल्य न मिलना, आवारा पशुओं का आतंक और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का अभाव आज सबसे बड़े मुद्दे बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है, जबकि गांवों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि धौलाना विधानसभा के गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं, युवाओं के पास रोजगार नहीं है और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। ऐसे में विकास के दावे केवल सरकारी विज्ञापनों और भाषणों तक सीमित दिखाई देते हैं।
दिग्विजय शिशोदिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी गांव, किसान, मजदूर, युवा और गरीब वर्ग की आवाज को सड़क से सदन तक उठाने का काम करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों को जवाब देना होगा।
दौरे के दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
दिग्विजय शिशोदिया ने कहा कि उनका जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा और धौलाना विधानसभा के प्रत्येक गांव की आवाज को मजबूती के साथ उठाया जाएगा।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010























