
जिलाधिकारी हापुड़ ने निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com): जिलाधिकारी हापुड़ द्वारा शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के कार्यों एवं जनपद में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हापुड़, अधीक्षण अभियंता विद्युत हापुड़, अधिशासी अभियंता विद्युत हापुड़, पिलखुवा, गढ़मुक्तेश्वर तथा जनपद के समस्त उपखंड अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण, शहरी एवं कृषि फीडरों पर शासन द्वारा निर्धारित विद्युत आपूर्ति अवधि का पूर्ण अनुपालन कराया जाए तथा अनावश्यक विद्युत व्यवधानों को न्यूनतम रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विद्युत आपूर्ति की सतत निगरानी की जाए।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में वर्तमान में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जिला मुख्यालय 24 घंटे,ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे, तहसील/शहरी क्षेत्रों में 22 घंटे तथा कृषि फीडरों पर 10 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। साथ ही आरडीएसएस एवं बिजनेस प्लान के अंतर्गत विभिन्न निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से क्षतिग्रस्त वितरण ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से बदला जाए तथा किसी भी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित न रहने पाए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और आपूर्ति बहाली में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों का प्रतिस्थापन निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है तथा विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु विभागीय स्तर पर निरंतर कार्यवाही की जा रही है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीष्मकालीन मांग को दृष्टिगत रखते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए तथा उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत सेवा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक सभी कदम सुनिश्चित किए जाएं।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739
























