
एलायंस ने बच्चों को बांटी स्टेशनरी
हापुड, सीमन (EHAPURNEWS.COM):एलायंस क्लब हापुड़ गौरव के तत्वावधान में गढ़ रोड स्थित गौशाला परिसर में सेवा एवं शिक्षा को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्लब की ओर से प्रतिभावान बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। स्टेशनरी पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष डॉ. आराधना बाजपेई ने कहा कि शिक्षा ही वह प्रकाश है, जो बच्चों के जीवन से अज्ञानता का अंधकार दूर कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को सही दिशा और आवश्यक संसाधन मिल जाएँ तो वे आगे चलकर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
सचिव नीरू मित्तल ने कहा कि बच्चों के हाथों में पुस्तक और कलम देना वास्तव में उनके भविष्य को मजबूत आधार देना है। ऐसे छोटे-छोटे प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास जगाते हैं और उन्हें अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते हैं।
क्लब की कोषाध्यक्ष अर्चना कंसल ने कहा कि क्लब सदैव शिक्षा, सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देता रहा है। बच्चों की सहायता करना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
इस अवसर पर उषा अग्रवाल, रजनी बंसल एवं संतोष शर्मा ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा में किया गया प्रत्येक सहयोग समाज के भविष्य में निवेश है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि जरूरतमंद एवं प्रतिभावान बच्चों की सहायता के लिए आगे आएँ।
कार्यक्रम में गौरी,आरव, आयुष सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)





















