
कुचेसर चौपला की सर्विस रोड बनी तालाब, जलभराव के बीच फंसा ऑटो
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 के पुराने बाइपास स्थित कुचेसर चौपला की सर्विस रोड पर जलभराव ने व्यवस्था की पोल खोल दी है। लंबे समय से जमा गंदा पानी राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
बुधवार को हालात इतने बिगड़ गए कि यात्रियों से भरा एक ऑटो करीब तीन फीट गहरे पानी में फंस गया। ऑटो को पानी से निकालने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सर्विस रोड पर जलनिकासी की व्यवस्था ध्वस्त होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। गंदे पानी के बीच से होकर राहगीरों और स्कूली छात्रों को गुजरना पड़ रहा है। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण दुपहिया वाहन चालकों के लिए भी खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलभराव की समस्या नई नहीं है। कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन शिकायतें फाइलों में दबकर रह गईं। अब तक न तो पानी की निकासी का स्थायी इंतजाम किया गया और न ही जलभराव की समस्या को दूर करने की ठोस कोशिश हुई। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और सड़क से पानी हटाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
99/- में खरीदें शर्ट, T-शर्ट, बच्चों के कपड़े और भी बहुत कुछ: 8191820867



















