
रोटरी क्लब हापुड़ द्वारा 79वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):रोटरी क्लब, हापुड़ ने भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रोटरी भवन, नवज्योति कॉलोनी, हापुड़ में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस राष्ट्रीय पर्व को अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया। यह आयोजन स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और राष्ट्र के महान सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक स्मरणीय अवसर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब के सम्मानित सदस्यों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ रोटेरियन संजय त्यागी ने अपने उद्बोधन में कहा, “स्वतंत्रता दिवस केवल एक ध्वजारोहण का उत्सव नहीं, बल्कि उन महान व वीर क्रांतिकारियों की कुर्बानियों को स्मरण करने और देश को प्रगति के पथ पर ले जाने वाले महापुरुषों के योगदान को स्मरण करने का दिन है। हमें उनके राष्ट्र को विश्व में शीर्ष पायदानों पर स्थापित करने वाले सपनों को साकार करने के लिए कृत संकल्पित होना चाहिए।”
क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन मुस्लिम कुरैशी ने अपने संबोधन में स्वतन्त्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सेनानियों को याद करने व देश के विकास में सभी नागरिकों की सतत् भूमिका के निर्वहन पर जोर देते हुए कहा, “हमें ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए, ताकि हमारा देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू सके।”
ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित सभी सदस्यों और अतिथियों के लिए जलपान का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसाद वितरण के साथ आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के गणमान्य सदस्यों सहित रो. मुस्लिम कुरैशी, रो. डॉ. कौसर इकबाल, रो. संजय त्यागी, रो. सचिन चौधरी, रो. हेमराज त्यागी, रो. हरेंद्र त्यागी, रो. राजीव चौधरी, रो. के.के. गुप्ता, रो. विकास गर्ग, रो. डॉ. संजीव वशिष्ठ, रो. अंकित त्यागी, रो. संजय सिंघल, हर्ष शर्मा, दीपक शर्मा, सलेक कुमार, दिनेश कुमार और अन्य सम्मानित अतिथिगण उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब, हापुड़ ने इस अवसर पर सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। क्लब के सचिव रोटेरियन हरेंद्र त्यागी ने सभी सदस्यों और उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह आयोजन हमारी एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस उत्साह को बनाए रखें और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।”
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365



























