
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): हापुड़ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद है कि उन्होंने अब सांसद के प्रतिनिधि की बेटी की शादी में ही चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस चोरी की घटना से हर कोई हैरान है जिसने हापुड़ पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े किए हैं। पुलिस अब पूछताछ में जुट गई है। यह मामला लखनऊ तक गूंज रहा है।मेरठ हापुड़ के सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि अशोक बबली की पुत्री का विवाह हापुड़ की गढ़ रोड पर स्थित मनोहर रिजेंसी में आयोजित किया था। मामला शनिवार की शाम का है जब शादी की रसमे धूमधाम से संपन्न हुई। मेहमानों का आवागमन जारी था। इसी व्यस्तता का फायदा उठाकर चोरों ने कमरे की खिड़की तोड़ी और भीतर दाखिल होकर वहां रखा बैग चुरा लिया और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बैग में विदाई के लिए रखे गए करीब 10 लाख रुपए से अधिक की नकदी और कीमती सोने-चांदी के आभूषण रखे थे।घटना का खुलासा तब हुआ जब रविवार की सुबह परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे तो टूटी खिड़की और बैग गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर देहात थाना प्रभारी पारस मालिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस चोरी से हापुड़ पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगे हैं।























