
भाकियू की समीक्षा पंचायत में किसानों की समस्याओं पर मंथन, विद्युत विभाग व विकास कार्यों पर उठे सवाल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कैम्प कार्यालय, हापुड़ पर एनसीआर अध्यक्ष (युवा) एकलव्य सिंह सहारा के नेतृत्व में किसान समीक्षा पंचायत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त एनसीआर सचिव (युवा) राहुल चौधरी का हापुड़ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। पंचायत का संचालन शेखर चौधरी एवं नौशाद खान ने किया, जबकि अध्यक्षता बाबा कमल सिंह ने की।
पंचायत के दौरान विभिन्न गांवों के प्रधानों ने आरोप लगाया कि कार्यकाल बढ़ने के बाद से संबंधित बीडीओ द्वारा गांवों के विकास कार्य लगभग ठप कर दिए गए हैं, जबकि सरकार लगातार विकास कार्यों को बाधित न होने देने की बात करती है।
ममता शर्मा ने किसानों की समस्याएं उठाते हुए कहा कि समय पर फार्म रजिस्टर तैयार न होने तथा कई गांवों में चल रही चकबंदी के कारण किसानों को खाद प्राप्त करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व मंडल महासचिव ठाकुर भवेंद्र सिंह सिसोदिया ने धौलाना विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभागीय कर्मचारी केवल खेतों में घूमकर 11,000 वोल्ट की लाइन के नीचे बने किसानों के कोठरों पर कार्रवाई की बात करते हैं, लेकिन छाजरसी टोल क्षेत्र में 4,00,000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन के नीचे संचालित अवैध फैक्ट्रियां उन्हें दिखाई नहीं देतीं।
पंचायत को संबोधित करते हुए एनसीआर अध्यक्ष (युवा) एकलव्य सिंह सहारा ने कहा कि किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शीघ्र ही किसान हेल्पडेस्क स्थापित करने की तैयारी चल रही है, जिसको लेकर अधिकारियों से लगातार वार्ता जारी है। उन्होंने विद्युत विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि विभाग में फ़ारूक़ाबादी खेल चल रहा है। अधीनस्थ कर्मचारी अधीक्षण अभियंता (एससी) के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेते, जबकि अधीक्षण अभियंता स्वयं केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एससी न तो किसानों के फोन उठाते हैं और न ही नियमित रूप से कार्यालय में उपलब्ध रहते हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो किसानों के ट्रैक्टरों के साथ अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होगी।
इस पंचायत के दौरान लोकेश प्रधान, पोदन प्रधान, वकील मलिक, कुमुद शर्मा, जगशरण कश्यप, सुनील टाइगर, संदीप चौधरी, सुनील गुर्जर, सभासद अफरोज, सतपाल सिंह, रवीश कुमार, सचिन पंडित, सहित बड़ी संख्या में भाकियू वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान एवं किसान उपस्थित रहे।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010























