
हापुड़ में बारिश का कहर: दीवार में दरार देखते ही बाहर भागे लोग, चंद सेकंड में ताश के पत्तों की तरह ढह गई छत!
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में लगातार हो रही बारिश ने भारी तबाही मचाई है। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में एक मकान की छत ताश के पत्तों की तरह भरभराकर नीचे गिर गई। गनीमत यह रही कि परिवार की सूझबूझ और सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया और परिवार के सभी लोग बाल-बाल बच गए।
पूरा मामला हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहम्मदपुर शकरपुर गांव का है। यहाँ के निवासी भीम सिंह अपने पूरे परिवार के साथ इस मकान में रहते हैं। शनिवार से जारी मूसलाधार बारिश के चलते मकान की नींव में पानी घुस गया था।
रविवार सुबह जब परिजनों ने देखा कि मकान की दीवार में अचानक दरारें आने लगी हैं, तो उन्होंने तुरंत ग्रामीणों की सलाह ली और वक्त रहते मकान खाली कर बाहर निकल आए। परिवार के बाहर निकलते ही कुछ ही देर में गाटर-पटिया से बनी मकान की पूरी छत जमींदोज हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुँच गई है। फिलहाल प्रशासन की तरफ से नुकसान का आकलन कर जाँच शुरू कर दी गई है और पीड़ित परिवार को राहत पहुँचाने का आश्वासन दिया गया है।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264





















