
हापुड़ में बुद्ध पूर्णिमा पर निकलेगी शोभा यात्रा, तैयारियां तेज
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): गौतम बुद्ध के जन्मोत्सव एवं बुद्ध पूर्णिमा महापर्व के शुभ अवसर पर समता सैनिक दल, हापुड़ द्वारा 1 मई 2026 को एक भव्य, आकर्षक एवं अनुशासित शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह शोभा यात्रा सामाजिक समरसता, भाईचारे, शांति एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
आयोजन की रूपरेखा एवं तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से बाबूगढ़ छावनी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शोभा यात्रा के सफल आयोजन हेतु विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई, जिसमें रूट निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन बनाए रखने, सजावट, सांस्कृतिक झांकियों की प्रस्तुति एवं जनसहभागिता को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गौतम बुद्ध का जीवन मानवता, करुणा, अहिंसा और समानता का प्रतीक है, वहीं डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज में समान अधिकार और न्याय की स्थापना के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। अतः यह आयोजन केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और एकता का भी संदेश देगा।
बैठक में प्रमुख रूप से अशोक कुमार गौतम, श्रद्धेय गंगाराम रूसो, शोधार्थी ओमपाल सिंह, रामप्रसाद जी, अजय सिंह जयंत, अमरजीत भार्गव, विनय कुमार भार्गव, सुनील कुमार जूतेवाले, रिटायर्ड सूबेदार रतन सिंह (फौजी), राजीव कुमार लोहिया, चेयरमैन पति श्री सुदा देवी जी, रघुनंदन जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए और आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
समता सैनिक दल के पदाधिकारियों ने जनपद के समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से अपील की कि वे इस शोभा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और शांति, सद्भाव एवं समानता के संदेश को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि यह शोभा यात्रा अनुशासन, गरिमा एवं भव्यता के साथ संपन्न कराई जाएगी, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं जागरूकता का संचार हो।
जय गुरुदेव ज्वेलर्स से खरीदें सोने, चांदी व डायमंड की ज्वेलरी: 9634998846

























