
विकास ग्लोबल स्कूल में ओलंपियाड एवं टैलेंट हट प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): हापुड़ में स्थित विकास ग्लोबल स्कूल में ओलंपियाड एवं टैलेंट हंट प्रतियोगिता के भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अभिभावकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसने पूरे आयोजन को एक गरिमामयी शुरुआत प्रदान की। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों एवं विजेता बच्चों के अभिभावकों को आमंत्रित किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष विकास कुमार तेवतिया रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रिंसिपल वर्षा सिंह तेवतिया ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों, प्रतिभा और परिश्रम का सम्मान करना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।
अपने संबोधन में अध्यक्ष विकास कुमार तेवतिया ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है।
वहीं, प्रिंसिपल वर्षा सिंह तेवतिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास ग्लोबल स्कूल केवल स्कूली शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी निरंतर प्रोत्साहित करता है। विद्यालय में एनडीए, सैनिक स्कूल, नवोदय एवं सिविल सर्विसेज जैसी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।
इस अवसर पर इंस्पायर अकैडमी के प्रतिनिधि प्रियांशु पवार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का सराहनीय योगदान रहा।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068























