
जलभराव से सड़क पर हुए गहरे गड्ढे में पलटी आलू से भरी ई-रिक्शा, यात्री घायल
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र में बारिश के बाद सड़कों की हालत बदहाल नजर आ रही है। बाबूगढ़ के कुचेसर रोड चौपला की सर्विस रोड पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश का पानी भरने के कारण कई गड्ढे वाहन चालकों को दिखाई भी नहीं दे रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। रविवार को इसी सर्विस रोड पर एक बड़ा हादसा हो गया। आलू से भरी एक ई-रिक्शा गहरे गड्ढे में जाने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त ई-रिक्शा में यात्री भी सवार थे। ई-रिक्शा के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए।
हादसे में ई-रिक्शा में सवार यात्रियों के घायल होने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। वहीं, सड़क पर गड्ढों के कारण हुए हादसे के बाद लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुचेसर रोड चौपला की सर्विस रोड पर लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं और बारिश के बाद इनमें पानी भरने से स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो गई है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क का निरीक्षण कर गड्ढों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739





















